Breaking News
:

CG Fraud : ऑपरेशन क्लीन हंट' की बड़ी सफलता, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

CG Fraud

165 महिलाओं को मुनाफे और स्वरोजगार का झांसा देकर ठगी का आरोप, फ्लोरा मैक्स कंपनी के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा

CG Fraud : रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने आर्थिक अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत फ्लोरा मैक्स चिटफंड कंपनी से जुड़े बहुचर्चित ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 165 महिलाओं से करीब 49.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।


पुलिस के अनुसार, यह मामला 5 दिसंबर 2024 को धरमजयगढ़ थाना में दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी ने महिलाओं को स्वरोजगार और अधिक मुनाफे का लालच देकर व्यवसाय से जोड़ा, उनके नाम पर बैंक से ऋण स्वीकृत कराया और दुकानें संचालित कराई। हालांकि, व्यवसाय से होने वाली आय महिलाओं को देने के बजाय कंपनी के संचालकों ने अपने पास रख ली और किए गए भुगतान के वादे भी पूरे नहीं किए।


जांच में सामने आया कि चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांव की 165 महिलाओं से 30-30 हजार रुपये निवेश कराए गए। साथ ही उनके नाम पर बैंक ऋण भी लिया गया, लेकिन न तो तय मासिक भुगतान दिया गया और न ही ऋण की जिम्मेदारी निभाई गई। इसका पूरा बोझ महिलाओं पर आ गया।


पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर श्याम सिंह राजपूत (50) निवासी हथनेवरा, जिला जांजगीर-चांपा और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू (36) निवासी तिलडेगा, जिला जशपुर को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


इस मामले में पहले भी कंपनी से जुड़ी एक आरोपी मंजू चौहान को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसके पास से स्कूटी, रसीदें, रजिस्टर, बैंक दस्तावेज और कंपनी से संबंधित प्रचार सामग्री जब्त की गई थी। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us