Rajasthan : री-नीट 2026 फर्जी पेपर बेचने वाले दो बीटेक छात्र गिरफ्तार, AI से तैयार करते थे नकली प्रश्नपत्र
Rajasthan : अजमेर। राजस्थान पुलिस ने री-नीट 2026 परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये ठगने वाले दो बीटेक छात्रों को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए फर्जी पेपर लीक होने का झांसा देकर 10 से 30 हजार रुपये तक वसूलते थे।
Rajasthan : AI टूल्स से तैयार करते थे नकली पेपर
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र हैं। मुख्य आरोपी आकाश कुमार ने AI टूल्स की मदद से फर्जी प्रश्नपत्र बनाना सीखा था। वह वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक्स की ट्रेनिंग लेकर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाता था और री-नीट पेपर लीक होने का दावा करते हुए वीडियो पोस्ट करता था।
Rajasthan : कैसे हुआ खुलासा
रामगंज थाना क्षेत्र में दयानंद महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्णा सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। एक छात्रा को फर्जी पेपर बेचने का ऑफर मिला था। शिकायतकर्ता ने अपने मित्र के जरिए आरोपी से संपर्क किया और पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली। आरोपी ने वीडियो कॉल पर कथित पेपर दिखाकर QR कोड भेजा। इसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन के जरिए हरियाणा के करनाल पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
Rajasthan : आरोपियों की पहचान गिरफ्तार
आरोपी बिहार के मधुबनी जिले के आकाश कुमार (19) और उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अश्वनी कुमार (19) हैं। दोनों करनाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। पूछताछ में आकाश कुमार ने बताया कि वह कॉलेज खर्च निकालने के लिए यह ठगी का तरीका अपनाता था।
Rajasthan : जांच जारी, अन्य लोगों की तलाश
अजमेर पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट और बैंक लेन-देन की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने छात्र इस ठगी का शिकार हुए और इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी और साइबर अपराध की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

