राम मंदिर चढ़ावा मामला: एफआईआर के बाद चम्पत राय और डॉ. अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा
Ram Mandir donation theft case: अयोध्या: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में गड़बड़ी के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने जांच निष्पक्ष ढंग से हो सके, इसलिए जांच पूरी होने तक यह फैसला लिया है। इस मामले में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उधर, पुलिस ने चढ़ावा चोरी मामले में नामजद आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होगी। विपक्ष ने एफआईआर में ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारियों के नाम शामिल न होने पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी साक्ष्य मिलेंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

