CG News: छत्तीसगढ़ में बहुमंजिला भवनों, कोचिंग संस्थानों और होटलों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, कलेक्टरों को निर्देश जारी
- Rohit banchhor
- 24 Jun, 2026
सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
CG News: रायपुर। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना से सबक लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बहुमंजिला आवासीय परिसरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग संस्थानों, होटलों तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग के भवनों की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों, विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
विशेष निरीक्षण अभियान के निर्देश-
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव विकास शील ने सभी संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों, अग्निशमन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को विशेष निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत बहुमंजिला आवासीय भवनों, कोचिंग सेंटरों, ट्यूशन कक्षाओं, होटल, लॉज, मॉल, व्यावसायिक परिसरों और अन्य सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जाएगी।
इन बिंदुओं पर होगी जांच-
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों और फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, वैध फायर एनओसी, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, विद्युत वायरिंग और उपकरणों की स्थिति, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, प्राथमिक उपचार सुविधा, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन तैयारियों की भी समीक्षा-
इसके अलावा भवनों की क्षमता के अनुरूप लोगों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था तथा किसी आपदा की स्थिति में निकासी और राहत प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। वहीं, गंभीर अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

