Breaking News
:

CG News : पुलिस ने की 214 किलो गांजा जब्त, 1.07 करोड़ की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार, साथी फरार

CG News

जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।

CG News : जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़ी इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, थाना नगरनार क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक सफेद महिंद्रा बोलेरो पिकअप में भारी मात्रा में गांजा लेकर दो तस्कर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय पाण्डेय (34 वर्ष) निवासी राजेंद्र नगर पश्चिम, थाना गोरखनाथ, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम सोनू यादव, निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश बताया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।


वाहन की तलाशी के दौरान 9 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखे गए 105 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 214.300 किलोग्राम निकला। पुलिस ने गांजे के अलावा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

Popular post

Live News

Latest post

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us