UK: उत्तराखंड में लागू हुई वीबी-जी राम जी योजना, अब साल में 125 दिन मिलेगा रोजगार, 48 रुपये बढ़ी दैनिक मजदूरी
UK: देहरादून: उत्तराखंड में 1 जुलाई से विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (वीबी-जी राम जी) लागू हो गई है। यह योजना पहले चल रही मनरेगा की जगह शुरू की गई है। नई योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिक रोजगार और बेहतर सुविधाएं देना है।
इस योजना के तहत श्रमिकों की दैनिक मजदूरी में 48 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले मनरेगा में मजदूरों को 252 रुपये प्रतिदिन मिलते थे, जबकि अब उन्हें 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी। इसके अलावा पहले साल में 100 दिन रोजगार की गारंटी थी, जिसे बढ़ाकर अब 125 दिन कर दिया गया है। नई योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, तालाब, जल संरक्षण, पौधारोपण और आजीविका बढ़ाने वाले कार्यों के साथ-साथ आपदा राहत से जुड़े काम भी कराए जाएंगे। इससे गांवों में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और लोगों की आय में सुधार होगा।
उत्तराखंड में पहले मनरेगा के तहत करीब 10 लाख जॉब कार्ड जारी किए गए थे, लेकिन वर्तमान में 6.73 लाख जॉब कार्ड धारक ही सक्रिय हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक 4.42 लाख लोगों ने काम की मांग की, जिनमें से 3.52 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। सरकार को उम्मीद है कि नई योजना से ग्रामीण परिवारों को अधिक लाभ मिलेगा।

