UK: उत्तराखंड के अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत
UK: नई दिल्ली: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लमगड़ा क्षेत्र के चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया बचाव अभियान
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने राहत कार्य शुरू किया। दुर्गम इलाका होने के कारण कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। घायलों को पहले लमगड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे में कांग्रेस जिला सचिव राजेंद्र सिंह, पान सिंह, जगदीश और लछम सिंह की मौत हो गई। वहीं सचिन सिंह और गोपाल सिंह घायल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ।

