CG News : रायगढ़ में हाथियों का आतंक, 5 मकान और झोपड़ी तोड़ी, आम की फसल रौंदी, घरों का अनाज भी किया साफ
- Rohit banchhor
- 29 Jun, 2026
धरमजयगढ़ वन मंडल के कई गांवों में मचाया उत्पात, दहशत में रातभर जाग रहे ग्रामीण
CG News : रायगढ़। जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। धरमजयगढ़ वन मंडल के लेलूंगा और कापु क्षेत्र में हाथियों के दल ने रविवार देर रात जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पांच मकानों और एक झोपड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि आम के बगीचे को रौंदते हुए घरों में रखा अनाज भी खा गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से हाथियों का झुंड इलाके में लगातार विचरण कर रहा है। रविवार रात हाथियों ने कई घरों को निशाना बनाते हुए दीवारें और झोपड़ी तोड़ दी। इसके बाद एक आम के बगीचे की बाउंड्री तोड़कर फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने घरों में रखे चावल के बोरे भी फाड़ दिए और बड़ी मात्रा में अनाज खा गए।
घटना के बाद प्रभावित ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग रातभर जागकर पटाखे, ढोल और अन्य पारंपरिक तरीकों से हाथियों को गांव से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि जान-माल की सुरक्षा की जा सके।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास के एक दर्जन गांवों में अलर्ट जारी किया है और लोगों से रात के समय सतर्क रहने तथा हाथियों के करीब न जाने की अपील की है।
लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। प्रभावित परिवारों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

