S. Sreesanth: बिना शर्त माफी मांगने के बाद एस. श्रीसंत को मिली राहत, केरल क्रिकेट एसोसिएशन ने हटाया 3 साल का बैन, क्या मैदान पर होगी वापसी ?
S. Sreesanth: नई दिल्ली: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को बड़ी राहत मिली है। केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने उन पर लगाया गया तीन साल का बैन हटा दिया है। यह फैसला 1 जुलाई को हुई स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में सर्वसम्मति से लिया गया। श्रीसंत ने अपने पुराने बयान पर बिना शर्त माफी मांगी और खेद जताया, जिसके बाद एसोसिएशन ने बैन समाप्त करने का फैसला किया।
क्यों लगाया गया था बैन?
यह विवाद तब शुरू हुआ था, जब श्रीसंत ने संजू सैमसन को केरल की विजय हजारे ट्रॉफी टीम और भारत की चैंपियंस ट्रॉफी टीम में जगह नहीं मिलने पर KCA की सार्वजनिक आलोचना की थी। एसोसिएशन का कहना था कि उनके बयान से संस्था की छवि खराब हुई, इसलिए उन पर तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
अब क्या कर सकेंगे श्रीसंत?
बैन हटने के बाद श्रीसंत फिर से केरल क्रिकेट लीग (KCL) में एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे। हालांकि, KCA ने उन्हें भविष्य में इस तरह के बयान देने से बचने की सख्त चेतावनी भी दी है।
क्या करेंगे क्रिकेट में वापसी?
श्रीसंत पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, इसलिए इस बैन का उनकी खेल में वापसी से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। अपने करियर में उन्होंने टेस्ट में 87, वनडे में 75 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 7 विकेट हासिल किए थे।

