MP Crime : मामूली कहासुनी में पति ने पत्नी पर हसिये से हमला कर उतारा मौत के घाट, फिर खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
- Rohit banchhor
- 03 Nov, 2025
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
MP Crime : नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। करेली थाना क्षेत्र के बसेड़ी गांव में एक पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की हसिये से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने बोला, “मैंने अपनी पत्नी को मार दिया।”
जानकारी के मुताबिक, मृतिका कस्तूरी बाई अपने घर पर थी, तभी पति इंद्रजीत लोधी से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि इंद्रजीत ने आपा खो दिया और घर में रखे चारा काटने वाले हसिये से कस्तूरी बाई पर वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इंद्रजीत सीधे करेली थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
अचानक थाने में पहुंचे आरोपी की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

