UP News : घरेलू कलह ने छीनी दो जिंदगियां, मां ने तीन साल की बेटी संग ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
UP News : चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। धीना रेलवे स्टेशन के पास एक महिला ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी, जिससे मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह दर्दनाक घटना धीना थाना क्षेत्र के बैरी खुर्द गांव की बताई जा रही है। मृतका की पहचान ज्योति के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ज्योति का अपने पति सुक्खू से किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह अपनी तीन साल की बेटी लाडो को गोद में लेकर घर से निकल गई थी। पति ने उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली।
कुछ समय बाद सूचना मिली कि धीना रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर महिला ने बच्ची के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। इस घटना से गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के मायके पक्ष की ओर से तहरीर दिए जाने की बात कही गई है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद सामने आया है, हालांकि पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं मृतका के पति सुक्खू का कहना है कि एक दिन पहले मामूली पारिवारिक विवाद हुआ था। पत्नी ने बच्चों को लेकर यह कहकर घर छोड़ा था कि वह थाने जा रही है। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिली, तो बाद में पुलिस से इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिली।

