UP Accident : हाइवे पर खड़े वाहन से ऑटो की भीषण टक्कर, एक की मौके पर मौत, दो मासूम समेत तीन गंभीर
UP Accident : चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुंभापुर स्थित एनएच-19 पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नौबतपुर से वाराणसी के मिर्जामुराद जा रहा एक ऑटो हाईवे किनारे खड़े अज्ञात वाहन में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ऑटो चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और हाईवे पर खड़े अज्ञात वाहन से जा टकराया। आकस्मिक चिकित्सक डॉ. संजय कुमार के अनुसार, हादसे में लाए गए तीनों घायलों की हालत गंभीर थी, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

