Thailand Open Tournament: थाईलैंड ओपन में सिंधू का सफर खत्म, सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में पहुंचे
Thailand Open Tournament: नई दिल्ली: थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधू का अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू को जापान की शीर्ष वरीय खिलाड़ी अकाने यामागुची ने कड़े मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। एक घंटे से अधिक समय तक चले इस मैच में यामागुची ने सिंधू को 19-21, 21-18, 21-15 से मात दी।
सिंधू ने मुकाबले की शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम अपने नाम किया। शुरुआती गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए सिंधू ने बढ़त हासिल कर ली। दूसरे गेम में भी भारतीय खिलाड़ी मजबूत स्थिति में नजर आईं, हालांकि लगातार हुई गलतियों का फायदा उठाकर यामागुची ने वापसी कर ली। निर्णायक गेम में जापानी खिलाड़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
वहीं, पुरुष युगल वर्ग में भारत के सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी ने जापान के ताकुमी नोमुरा और युइची शिमोगामी को सीधे गेमों में 21-12, 21-13 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

