FIFA World Cup 2026: Shakira की 16 साल बाद FIFA में फिर वापसी, वर्ल्ड कप 2026 का एंथम 'दाई दाई' रिलीज, इंटरनेट पर कर रहा ट्रेंड
FIFA World Cup 2026: नई दिल्ली: 16 साल पहले ‘वाका वाका’ से पूरी दुनिया को झूमने पर मजबूर करने वाली पॉप स्टार शकीरा (Shakira) एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप के मंच पर लौट आई हैं। फीफा विश्व कप 2026 के आधिकारिक एंथम सॉन्ग ‘दाई दाई’ को रिलीज कर दिया गया है। इस गाने में शकीरा के साथ नाइजीरियन अफ्रोबीट्स स्टार बर्ना बॉय (Burna Boy) भी नजर आ रहे हैं। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अफ्रोबीट्स और फुटबॉल का शानदार मेल
करीब चार मिनट लंबे ‘दाई दाई’ में अफ्रोबीट्स, डांस-पॉप, रेगेटन और वर्ल्ड बीट्स का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है। गाने के बोल फुटबॉल के जुनून, टीम स्पिरिट और दुनिया को जोड़ने वाली भावना को दर्शाते हैं। यही वजह है कि रिलीज के साथ ही इसे फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। गाने में फुटबॉल के कई दिग्गज खिलाड़ियों का भी जिक्र किया गया है। इसमें डिएगो माराडोना, पाओलो मालदिनी, रोमारियो, क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo), डेविड बेकहम (David Beckham), काका और लियोनेल मेसी (Lionel Messi) जैसे सितारों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा ब्राजील, अर्जेंटीना, कोलंबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स जैसे देशों का भी जिक्र सुनने को मिलता है।
‘वाका वाका’ के बाद फीफा में शकीरा की वापसी
शकीरा इससे पहले साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका में हुए फीफा विश्व कप के लिए ‘वाका वाका (दिस टाइम फॉर अफ्रीका)’ लेकर आई थीं। वह गाना आज भी फुटबॉल इतिहास के सबसे लोकप्रिय एंथम्स में गिना जाता है। ‘वाका वाका’ ने कई इंटरनेशनल म्यूजिक चार्ट्स पर रिकॉर्ड बनाए थे और दुनिया भर में करोड़ों लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा बना था। अब 16 साल बाद शकीरा एक बार फिर फीफा के मंच पर वापसी कर रही हैं। माना जा रहा है कि ‘दाई दाई’ भी आने वाले समय में बड़ा ग्लोबल हिट साबित हो सकता है।
फीफा 2026 में पहली बार 48 टीमें
2026 फीफा विश्व कप (2026 FIFA World Cup) की शुरुआत 11 जून 2026 से होगी। टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच एस्टाडियो एज़्टेका (Estadio Azteca) में खेला जाएगा, जबकि फाइनल 19 जुलाई को मेटलाइफ स्टेडियम (MetLife Stadium) में होगा, जिसे टूर्नामेंट के दौरान न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम नाम दिया जाएगा। इस बार विश्व कप की मेजबानी संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे।
फाइनल में दिखेगा म्यूजिक और फुटबॉल का महा संगम
फीफा ने यह भी घोषणा की है कि 19 जुलाई को होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले भव्य क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इसमें शकीरा के अलावा Madonna और BTS भी शानदार परफॉर्मेंस देंगे। ऐसे में फीफा 2026 सिर्फ फुटबॉल ही नहीं, बल्कि संगीत और मनोरंजन का भी सबसे बड़ा उत्सव बनने जा रहा है।

