महिला डॉक्टर की संदिग्ध मौत, हाथ पर इंजेक्शन के निशान, हत्या या आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी...
- Rohit banchhor
- 21 Mar, 2025
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। शाहपुर थाना क्षेत्र में एक महिला डॉक्टर की लाश उनके घर के कमरे में संदिग्ध हालात में मिली है। मृतिका के हाथ पर इंजेक्शन के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और आत्महत्या के पहलू से भी जांच शुरू की है। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
MP News : बता दें कि मृतिका डॉक्टर मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थीं और चार महीने पहले उनकी शादी सतना निवासी डॉ. अभिजीत पांडेय से हुई थी। अभिजीत पांडेय एक बीडीएस डॉक्टर हैं और भोपाल के एमपी नगर में उनका निजी क्लीनिक है। मृतिका की पहचान डॉ. ऋचा पांडेय के रूप में हुई है, जो आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
MP News : प्रारंभिक जांच में मृतिका के हाथ पर इंजेक्शन के निशान मिले हैं, जिसने मामले को और रहस्यमयी बना दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पति अभिजीत पांडेय सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह हत्या का मामला है या आत्महत्या। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
MP News : परिजनों ने पति पर शक जताया है, जिसके चलते पुलिस इस एंगल पर भी गहनता से जांच कर रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग और मृतिका के सहकर्मी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले की तह तक पहुंचा जाएगा।

