इस राज्य में UPSC प्रीलिम्स पास करने पर 50,000 और Mains पर मिलेंगे 100000 रुपए; सीएम-इंस्पायर योजना शुरू
UPSC: नई दिल्ली : मेघालय सरकार ने सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सीएम-इंस्पायर’ नामक नई योजना शुरू की है। इस पहल के तहत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को 50,000 रुपये, जबकि मुख्य परीक्षा (Mains) पास करने वालों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने योजना की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं की सिविल सेवाओं में भागीदारी पिछले कुछ वर्षों में घटी है। इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहन देकर उन्हें इस प्रतिष्ठित सेवा की ओर आकर्षित करना है।
सरकार का मानना है कि कई योग्य छात्र आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी तैयारी जारी नहीं रख पाते। ‘सीएम-इंस्पायर’ योजना के माध्यम से ऐसे अभ्यर्थियों को वित्तीय सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सरकार उनके सपनों को साकार करने में हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से आत्मविश्वास बनाए रखने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र उम्मीदवारों को मेघालय एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (MATI) के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करना होगा। सरकार को उम्मीद है कि यह पहल राज्य से अधिक संख्या में सफल सिविल सेवक तैयार करने में सहायक साबित होगी।

