MP Accident : सरिया लदा ट्रक नहर में गिरा, 3 की मौके पर मौत, कटर मशीन से निकाले गए शव
- Rohit banchhor
- 22 Apr, 2026
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
MP Accident : सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में बुधवार को एक भयावह सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास सरिया से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में सवार चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही संदीप चतुर्वेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और शव उसके अंदर बुरी तरह फंसे हुए थे, जिससे राहत कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया।
पहले क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया, जिसके बाद दो शव बाहर निकाले जा सके। लेकिन तीसरा शव ट्रक की बॉडी में इस कदर फंसा था कि उसे निकालने के लिए कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा। करीब 4 घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी शवों को बाहर निकाला जा सका।
मृतकों में दिलीप केवट और विष्णु केवट की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे व्यक्ति की शिनाख्त अभी बाकी है। मौके पर सुजीत नागेश सहित प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

