Breaking News
:

CG Crime : एसी रिपेयरिंग के नाम पर चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 45 लाख की संपत्ति बरामद

CG Crime

शहर के मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर इस पूरे गिरोह को अंजाम दे रहा था।

CG Crime : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो एसी रिपेयरिंग के बहाने पॉश कॉलोनियों में घुसकर सूने मकानों को निशाना बनाता था। आरोपी सूरज काछी, जो गौरेला का निवासी है, शहर के मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर इस पूरे गिरोह को अंजाम दे रहा था।


पुलिस के अनुसार, आरोपी बेहद चालाकी से वारदात करता था। हर चोरी में अलग-अलग मोटरसाइकिल का इस्तेमाल, चेहरे पर मास्क और टोपी, और सीसीटीवी के सामने मोबाइल पर बात करने का नाटक ये सब उसकी पहचान छिपाने के तरीके थे। उसने शहर की कई पॉश कॉलोनियों में पहले रेकी की और फिर मौका मिलते ही लाखों की चोरी को अंजाम दिया।


जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग का आदी था। ‘परी मैच’ जैसे ऐप्स में करीब 30 लाख रुपये गंवाने के बाद उसने नुकसान की भरपाई के लिए चोरी का रास्ता चुना। चोरी के जेवर और सामान को वह कटनी ले जाकर ज्वेलर्स के माध्यम से बेचता या पिघलवाकर नए गहनों में बदलवाता, फिर उन्हें गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर नकद हासिल करता था।


इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एसएसपी के निर्देशन में एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोचा गया।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, वाहन और अन्य कीमती सामान समेत 45 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है। फिलहाल इस मामले में जुड़े अन्य लोगों, खासकर ज्वेलर्स और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us