Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, निजी कार को टोल टैक्स से छूट, स्टेट हाईवे पर सिर्फ इन वाहनों से वसूली
Bihar News : अररिया। बिहार में स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य के स्टेट हाईवे पर निजी वाहनों जैसे कार और जीप से किसी भी तरह का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। केवल कमर्शियल वाहनों जैसे टैक्सी, बस और ट्रक से ही टोल वसूली की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अररिया जिले के हरिपुर में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं है। सरकार ने तय किया है कि परिवार के साथ सफर करने वाले निजी वाहन चालकों को राहत दी जाएगी, जबकि व्यावसायिक वाहनों से सड़क उपयोग शुल्क लिया जाएगा।
Bihar News : स्टेट हाईवे पर जल्द लागू होगी टोल व्यवस्था
बिहार सरकार ने नेशनल हाईवे की तर्ज पर राज्य के अधीन आने वाली सड़कों यानी स्टेट हाईवे पर भी टोल टैक्स लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट बैठक में पथ उपयोगकर्ता शुल्क (दरों का निर्धारण एवं संग्रहण) नियमावली, 2026 को मंजूरी दी जा चुकी है। फिलहाल बिहार में केवल नेशनल हाईवे पर ही टोल टैक्स लिया जाता है, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद राज्य सरकार के अधीन आने वाली चिन्हित सड़कों पर भी शुल्क वसूला जाएगा।
Bihar News : कमर्शियल वाहनों के लिए तय होंगी टोल दरें
नई नियमावली के अनुसार, स्टेट हाईवे पर कमर्शियल वाहनों से दूरी के हिसाब से टोल टैक्स लिया जाएगा। हल्के व्यावसायिक वाहनों जैसे टैक्सी कार और जीप के लिए करीब 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। वहीं, भारी वाहनों जैसे ट्रक और बसों से लगभग 6.65 रुपये प्रति किलोमीटर और बड़े वाहनों जैसे ट्रेलर से 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से शुल्क लिया जाएगा। ओवरलोड वाहनों पर अतिरिक्त जुर्माना या शुल्क भी लगाया जा सकता है।
Bihar News : 3614 किलोमीटर लंबे स्टेट हाईवे का हो रहा अध्ययन
बिहार में स्टेट हाईवे की कुल लंबाई करीब 3614 किलोमीटर है। सरकार फिलहाल यह अध्ययन कर रही है कि किन-किन सड़कों पर टोल प्लाजा बनाए जाएंगे और कहां से वसूली शुरू होगी। राज्य में स्टेट हाईवे का बड़ा हिस्सा टू-लेन है, जबकि करीब 40 किलोमीटर सड़क फोरलेन है। टोल वसूली शुरू करने की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
Bihar News : सरकार का दावा- बेहतर सड़क सुविधाओं के लिए लिया जाएगा शुल्क
सरकार का कहना है कि स्टेट हाईवे पर टोल व्यवस्था लागू करने से सड़क रखरखाव और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, निजी वाहन चालकों को राहत देते हुए उन्हें इस शुल्क से बाहर रखा गया है। जल्द ही टोल वसूली से जुड़ी अंतिम प्रक्रिया और सड़कों की सूची जारी की जाएगी।

