CG News : LIC कार्यालय के अंदर फंदे पर लटका मिला सुरक्षा कर्मी, जांच में जुटी पुलिस
- Rohit banchhor
- 06 Jul, 2026
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
CG News : कोरबा। कोरबा शहर स्थित एलआईसी कार्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय के भीतर एक सुरक्षा कर्मी का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो आरा मशीन क्षेत्र का निवासी था और एलआईसी कार्यालय में नाइट शिफ्ट में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह परिजनों ने विनोद से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बार-बार फोन करने के बावजूद उसने कॉल रिसीव नहीं की। संदेह होने पर उसके पिता एलआईसी कार्यालय पहुंचे, जहां अंदर जाकर देखा तो विनोद का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कुछ सामान जब्त किया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

