UP: यहां भारी बारिश के कारण सभी स्कूल बंद, कई इलाकों में जलभराव से परेशानी
UP: नई दिल्ली: गाजियाबाद में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जिला प्रशासन ने 9 जुलाई 2026 को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है। यह फैसला सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि, कुछ अभिभावक सुबह बच्चों को लेकर स्कूल पहुंच गए, लेकिन छुट्टी की जानकारी मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा।
बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है। नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़क पर इतना पानी जमा हो गया कि वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 और 2 में कई घरों और इमारतों के बेसमेंट में पानी भर गया। लोग बाल्टियों और पंप की मदद से पानी निकालते नजर आए।
शास्त्री नगर और बी ब्लॉक मार्केट में भी जलभराव की समस्या रही। कई जगह लोगों ने नालियों की सफाई कर पानी निकालने की कोशिश की। वहीं, तुलसी निकेतन कॉलोनी में भी बारिश का पानी घरों में घुस गया। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

