UP Yamanashi Deal : 200 सीईओ के साथ यूपी आएंगे यामानाशी के गवर्नर, ग्रीन हाइड्रोजन पर हुआ अहम समझौता
UP Yamanashi Deal : लखनऊ। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक एवं ऊर्जा सहयोग का नया दौर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के दौरान यामानाशी प्रांत के साथ रणनीतिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी। यामानाशी के गवर्नर ने आगामी अगस्त में 200 जापानी सीईओ के प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश आने का प्रस्ताव रखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में औद्योगिक निवेश और तकनीकी सहयोग को नई गति मिलेगी। दोनों पक्षों के बीच उद्योग, पर्यटन, व्यावसायिक शिक्षा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू में ग्रीन हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा नवाचार और तकनीकी आदान-प्रदान को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
UP Yamanashi Deal : स्केल, स्किल और स्पीड के मॉडल पर आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि आईआईटी कानपुर को ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह पहल ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को भी आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि अगस्त में प्रस्तावित 200 जापानी सीईओ के दौरे से राज्य में औद्योगिक निवेश को नई दिशा मिलेगी। उत्तर प्रदेश आज स्केल, स्किल और स्पीड के मॉडल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मजबूत आधारभूत संरचना, निवेश के अनुकूल माहौल और इन्वेस्ट यूपी की जापान डेस्क के माध्यम से निवेशकों को सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही, यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी क्षेत्र में प्रस्तावित जापान इंडस्ट्रियल टाउनशिप जापानी कंपनियों के लिए विशेष अवसर उपलब्ध कराएगी।
UP Yamanashi Deal : नई साझेदारी का सकारात्मक संकेत
यामानाशी में हुए समझौते को मुख्यमंत्री ने विश्वास और पारदर्शिता पर आधारित नई साझेदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग साझा आर्थिक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करेगा।
UP Yamanashi Deal : ‘प्रोएक्टिव’ नीति से मजबूत हुई प्रदेश की अर्थव्यवस्था
जापान दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति और निवेश-अनुकूल नीतियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य ने प्रतिक्रियात्मक नहीं बल्कि सक्रिय नीति दृष्टिकोण अपनाया है, जिसके परिणामस्वरूप प्रति व्यक्ति आय और अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी के साथ हुई सार्थक बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योग, पर्यटन और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा किया जाएगा। ग्रीन हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा नवाचार और तकनीकी आदान-प्रदान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे दोनों क्षेत्रों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

