UP News : प्रधानाध्यापक कक्ष में फंदे से लटकी मिली शिक्षिका, परिजनों ने लगाया ये आरोप
- Rohit banchhor
- 18 Jan, 2026
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
UP News : बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी स्कूल में तैनात सहायक अध्यापिका का शव प्रधानाध्यापक के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और स्कूल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला हरख विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय उदवापुर का है। मृतिका दो बच्चों की मां थीं और जलालपुर गांव की रहने वाली थीं। उसके पति भी सरकारी शिक्षक हैं। परिजनों ने इस मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह कदम लगातार मानसिक प्रताड़ना का नतीजा है। मृतिका के पति के अनुसार, पिछले ढाई वर्षों से उनकी पत्नी को स्कूल में मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
बच्चों को मन लगाकर पढ़ाने पर उन्हें ताने सुनने पड़ते थे और स्टाफ के कुछ सदस्यों द्वारा बार-बार शिकायतें की जाती थीं। परिजनों का दावा है कि ट्रांसफर के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई। अगर समय रहते उन्हें नीचे उतारकर इलाज के लिए ले जाया जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
मृतिका के भाई ने भी पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि जिस कमरे में शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद नहीं था और पुलिस को सूचना देने से पहले साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने घटना को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

