Raipur City Crime : दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो शातिर सहित तीन गिरफ्तार, 11 वाहन बरामद
- Rohit banchhor
- 19 Mar, 2026
कुल 11 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 4.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए खम्हारडीह थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 शातिर वाहन चोरों और 1 अवैध चाबी बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 11 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 4.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रोफेशनल तरीके से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद वे वाहनों की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर उन्हें बेचने की फिराक में रहते थे। 19 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि कचना स्थित शराब दुकान के पास कुछ संदिग्ध युवक चोरी की बाइक बेचने की तैयारी में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपी कुलदीप गेंडरे उर्फ जानू 21 वर्ष निवासी बलौदाबाजार, करण साहू उर्फ बाका 20 वर्ष निवासी कचना को पकड़ लिया। पूछताछ में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए और कड़ाई से पूछताछ करने पर चोरी की वारदात कबूल कर ली। जांच में सामने आया कि आरोपी मोवा निवासी शेख स्वालेह 40 वर्ष की मदद से चोरी की गाड़ियों की अवैध तरीके से चाबी बनवाते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 11 दोपहिया वाहन बरामद किए। थाना खम्हारडीह में एक मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में अलग से कार्रवाई जारी है।

