IPL Betting Racket : IPL सट्टा रैकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2 करोड़ का खेल बेनकाब, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार
- Rohit banchhor
- 30 Apr, 2026
यह कार्रवाई बीट सिस्टम से मिली सटीक सूचना और एसीसीयू टीम की तकनीकी मदद से संभव हो पाई।
IPL Betting Racket : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह को धर दबोचा है। सकरी थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। यह कार्रवाई बीट सिस्टम से मिली सटीक सूचना और एसीसीयू टीम की तकनीकी मदद से संभव हो पाई।
29 अप्रैल 2026 को ओम स्पेस कॉलोनी में दबिश देकर पुलिस ने इस रैकेट का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए Indian Premier League मैचों और लूडो गेम पर सट्टा चला रहे थे। गिरोह का मास्टरमाइंड राहुल छाबड़ा पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रह चुका है और दूसरे राज्यों से संपर्क कर पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था।
जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच में 2 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन के सबूत मिले हैं, जिससे इस नेटवर्क की व्यापकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने मौके से 21 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 बैंक पासबुक और एक क्रेटा कार भी बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के तार मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

