हरभजन सिंह और महेंद्र सिंह धोनी ने 10 सालों से नहीं की बात, कहा 'अब हम दोस्त नहीं हैं, भज्जी का बड़ा खुलासा
खेल डेस्क: भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने खुलासा किया है कि वह और महेंद्र सिंह धोनी अब आपस में बात नहीं करते हैं। भज्जी ने यह स्पष्ट किया कि उनका और धोनी का कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है, लेकिन वह दोनों अब दोस्त नहीं हैं। हरभजन और धोनी, दोनों ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, जैसे 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप में टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
धोनी ने इन दोनों टूर्नामेंट्स में भारतीय टीम की कप्तानी की थी, जबकि हरभजन ने 2007 में सात और 2011 में नौ महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। हरभजन ने एक इंटरव्यू में बताया कि वह और धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते समय स्टेडियम में कुछ बातचीत करते थे, लेकिन मैदान के बाहर कोई बातचीत नहीं होती थी। भज्जी ने कहा, "जब हम सीएसके में थे, तब हमने कुछ बात की थी, लेकिन उसके बाद हमारी बातचीत बंद हो गई। 10 साल से ज्यादा समय हो चुका है, और मेरे पास उनसे बात करने का कोई कारण नहीं है।"
भज्जी ने कहा कि वह केवल उन्हीं लोगों को फोन करते हैं जो उनका फोन उठाते हैं। "मैं उन लोगों के साथ टच में रहता हूं, जिनके साथ मेरी दोस्ती है। एक रिश्ते में दोनों पक्षों का योगदान होना चाहिए। अगर मैंने किसी को कॉल किया और जवाब नहीं मिला, तो मैं उनसे उतना ही संपर्क करूंगा, जितना मुझे करना चाहिए," । हरभजन और धोनी ने आखिरी बार 2015 में एक वनडे मैच में साथ खेला था। इसके बाद दोनों को भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था। भज्जी ने 2021 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया, जबकि धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा ले लिया था।

