UP News : जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन के एसी कोच से 1.75 करोड़ कैश जब्त, हवाला एंगल की जांच
- Rohit banchhor
- 28 Feb, 2026
तीन बैगों में भरे 500-500 रुपये के नोटों के बंडल देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
UP News : चंदौली। होली के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान डीडीयू में जीआरपी को बड़ी सफलता हाथ लगी। 12318 डाउन ट्रेन के एसी कोच ए-1 में रूटीन जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों के पास से 1 करोड़ 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। तीन बैगों में भरे 500-500 रुपये के नोटों के बंडल देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
जानकारी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी ट्रेन में चेकिंग के दौरान जीआरपी टीम की नजर दो युवकों पर पड़ी। तलाशी लेने पर उनके बैगों से भारी मात्रा में नकदी मिली। रकम की पुष्टि के लिए नोट गिनने की मशीन मंगाई गई और घंटों चली प्रक्रिया के बाद कुल 1,75,00,000 बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि की गई।
पकड़े गए युवकों की पहचान रितेश पटेल और जिग्नेश पटेल के रूप में हुई है। दोनों लखनऊ से कोलकाता जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने खुद को हीरा कारोबारी बताते हुए कहा कि रकम व्यवसायिक लेन-देन के लिए ले जाई जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह मौके पर पहुंचे और आयकर विभाग को सूचना दी गई। इतनी बड़ी नकदी की बरामदगी के बाद हवाला कनेक्शन की भी आशंका जताई जा रही है।
जीआरपी ने पूरी रकम जब्त कर ली है और दस्तावेजों की जांच के साथ आयकर विभाग की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि करोड़ों की यह नकदी वैध लेन-देन का हिस्सा थी या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी हुई।

