UP Accident : तेज रफ्तार कार नहर में समाई कार, महिला समेत तीन की डूबकर मौत
UP Accident : औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के पास एक अनियंत्रित कार नहर में जा गिरी, जिससे उसमें सवार एक महिला और दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तीनों कार सवार दिबियापुर से इटावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे नहर में जा समाई। हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
कार के नहर में गिरते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। अछल्दा थाना पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

