सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी ट्रेन हादसा टला, पांच डिब्बे बीच से अलग, यात्री सुरक्षित...
MP News : सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली से जबलपुर जा रही इंटरसिटी ट्रेन में रविवार को उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब ट्रेन व्यवहारी के ब्रिज पर पहुंचते ही इसके पांच डिब्बे अचानक बीच से अलग हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
MP News : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन जैसे ही व्यवहारी ब्रिज पर पहुंची, अचानक एक जोरदार झटके के साथ इसके डिब्बे दो हिस्सों में बंट गए। घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रेलवे स्टाफ ने तुरंत ट्रेन को रोककर स्थिति को संभाला। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन को रोक दिया गया और टेक्निकल टीम मौके पर पहुंचकर डिब्बों को फिर से जोड़ने में जुट गई। रेलवे प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, स्थिति अब नियंत्रण में है।
MP News ; यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। टेक्निकल टीम डिब्बों को जोड़ने का काम कर रही है, और जल्द ही ट्रेन को इसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा। इस घटना के कारण रेल यातायात में कुछ देरी की संभावना जताई जा रही है। रेलवे ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि डिब्बे अलग होने का कारण क्या था।
MP News : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी को इस हादसे की वजह माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि उनकी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

