Raipur City News : तड़के 4:30 बजे BSUP कॉलोनी में पुलिस का ‘सप्राइज नॉक’, पुलिस को देख लोगों में मचा हड़कंप
- Rohit banchhor
- 15 Feb, 2026
संदिग्ध आचरण वाले कुछ लोगों को नोटिस देकर तेलीबांधा थाने तलब किया गया है।
Raipur City News : रायपुर। रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह करीब साढ़े 4 बजे पुलिस टीम अचानक दरवाजों पर पहुंच गई। नींद से जागे रहवासियों ने अपनी चौखट पर पुलिस को देखा तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने कॉलोनी में रहने वाले लोगों का मौके पर ही वेरिफिकेशन किया। परिवार के सदस्यों की संख्या, मूल निवास, पेशा और अन्य जरूरी जानकारियां जुटाई गईं। साथ ही कॉलोनी में खड़ी गाड़ियों के नंबर नोट कर दस्तावेजों की जांच की गई। संदिग्ध आचरण वाले कुछ लोगों को नोटिस देकर तेलीबांधा थाने तलब किया गया है।

बीएसयूपी कॉलोनी में कुल 40 ब्लॉक और 640 क्वार्टर हैं। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पूरे परिसर में औचक चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यह कार्रवाई कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद तेज हुई सतत पेट्रोलिंग और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने की मुहिम का हिस्सा बताई जा रही है।
गौरतलब है कि 3 फरवरी को ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के तहत कॉलोनी में बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें एडीसीपी (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल और एसीपी रमाकांत साहू समेत तेलीबांधा थाना प्रभारी मौजूद थे। कॉलोनीवासियों ने टूटी दीवार से असामाजिक तत्वों की आवाजाही, शिकायत के लिए संपर्क नंबर की कमी और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई थी। इनमें से दो समस्याओं का समाधान किया जा चुका है, जबकि सीसीटीवी स्थापना की प्रक्रिया जारी है।

