पुलिस की बड़ी कामयाबी, नेशनल हाईवे पर लूट मचाने वाले फिल्मी स्टाइल के गैंग का पर्दाफाश
- Rohit banchhor
- 28 Jun, 2025
मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के नेतृत्व में पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार किया और सटीक कार्रवाई कर चार शातिर लुटेरों को धर दबोचा।
MP Crime : मऊगंज। जिले के नेशनल हाईवे पर महीनों से आतंक का पर्याय बने लुटेरों के एक खूंखार गिरोह को आखिरकार मऊगंज पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। फिल्मी अंदाज में लूटपाट करने वाले इस गैंग ने न तो महिलाओं को बख्शा, न बुजुर्गों को, और न ही बीमार या मजबूर लोगों को। लेकिन मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के नेतृत्व में पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार किया और सटीक कार्रवाई कर चार शातिर लुटेरों को धर दबोचा।
लूट का सिलसिला और पुलिस की कार्रवाई-
पिछले कई महीनों से मऊगंज और रीवा जिले के नेशनल हाईवे पर लूट की वारदातें बढ़ती जा रही थीं। ये लुटेरे दिनदहाड़े हाईवे पर वारदात को अंजाम देते और फिर हवा में गायब हो जाते। खास तौर पर मुदरिया मोड़ से पन्नी चौराहे तक का इलाका इनका पसंदीदा ठिकाना था, जहां ये महिलाओं को निशाना बनाते थे। इस गैंग का नेतृत्व रोहित पटेल और बाबू खान कर रहे थे, जबकि तबारक खान और पीके कोल ढाबों पर बैठकर शिकार की रेकी करते थे।
मऊगंज थाना पुलिस ने लगातार हो रही चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को गंभीरता से लिया। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने चार शातिर अपराधियों मो. इरसाद, मो. अरबाज, रोहित पटेल और सुनील सोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में लुटेरों ने अपने अपराध कबूल किए और बताया कि लूटा गया माल रघुनाथगंज निवासी सुनील सोनी को बेचा जाता था। पुलिस ने इनके कब्जे से एक काली पल्सर बाइक, चार एंड्रॉइड मोबाइल, चोरी किए गए जेवर, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पर्स और 1500 रुपये नगद बरामद किए।
महंगे शौक और मजबूरियों का शिकार-
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ये लुटेरे अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। खास तौर पर ये महिलाओं को निशाना बनाते थे, जो अक्सर अकेले या कमजोर स्थिति में हाईवे पर सफर कर रही होती थीं। कुछ पीड़ित अपनी बहन को अस्पताल से देखकर लौट रही थीं, तो कुछ खुद इलाज कराकर गांव जा रही थीं। इन लुटेरों ने अनीता तिवारी से 5000 रुपये और मोबाइल, सपना तिवारी से 2000 रुपये और फोन, साधना मिश्रा से 4000 रुपये और मोबाइल, और विभा साकेत से 9000 रुपये और चांदी के जेवर लूटे।
पुलिस की रणनीति और कामयाबी-
मऊगंज पुलिस ने इस गैंग का पर्दाफाश करने के लिए तकनीकी और पारंपरिक जांच का सहारा लिया। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने इस गिरोह के ठिकानों का पता लगाया। एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि इस ऑपरेशन में थाना प्रभारी और उनकी टीम ने दिन-रात मेहनत की। गिरफ्तार लुटेरों ने पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी दी, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

