Big Accident : ट्रक की टक्कर से परिवार तबाह, शादी से लौट रहे पति-पत्नी और बेटी की दर्दनाक मौत
- Rohit banchhor
- 11 May, 2025
अज्ञात ट्रक की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
Big Accident : दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में छतरपुर स्टेट हाईवे पर एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के मारा गांव के पास एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी बेटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
Big Accident : बता दें कि नरसिंहगढ़ चौकी के किशनगंज गांव निवासी कड़ोरी पटेल 45 वर्ष उनकी पत्नी यशोदा पटेल 40 वर्ष और बेटी आरती पटेल 17 वर्ष शनिवार को इमलिया चौकी के हठरी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार दोपहर बाइक से घर लौटते समय मारा गांव के पास यह भीषण हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत नरसिंहगढ़ पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
Big Accident : अस्पताल में डॉक्टरों ने कड़ोरी और यशोदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद आरती को बचाया नहीं जा सका। नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी प्रसीता कुर्मी ने बताया कि तीनों शवों का मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात ट्रक की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।

