UP Crime : ‘हैप्पी होली’ कहना पड़ा भारी, मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, भाई-बहन गिरफ्तार
UP Crime : लखनऊ। लखनऊ में होली का त्योहार उस वक्त खूनी वारदात में बदल गया, जब एक युवक को सिर्फ ‘हैप्पी होली’ कहना अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मामला दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया कॉलोनी का है, जहां होली मिलन समारोह का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान 21 वर्षीय पेंटर सूरज रावत ने अपने पड़ोसी को ‘हैप्पी होली’ कहा। लेकिन यह बात पड़ोसी और उसकी बहन को नागवार गुजरी। दोनों ने युवक को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी, जिस पर सूरज ने भी जवाब दे दिया।
कहासुनी बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई और गुस्से में आकर भाई-बहन ने सूरज रावत पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

