UP: मुख्यमंत्री योगी ने जनसुनवाई पर बरती सख्ती, अब डीएम-एसएसपी रोज सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे, आदेश जारी
UP: लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलास्तर पर जनसुनवाई और जनता दर्शन में हो रही लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय अब इन प्रक्रियाओं की सीधी निगरानी करेगा। कई मामले ऐसे सामने आए हैं, जिनका समाधान जिलास्तर पर ही हो जाना चाहिए था, लेकिन प्रशासनिक ढिलाई के कारण वे मुख्यमंत्री के जनता दर्शन तक पहुंच रहे हैं। इससे जनता को असुविधा हो रही है और सरकार की छवि प्रभावित हो रही है।
UP: मुख्यमंत्री ने इस प्रशासनिक कमजोरी पर गहरी नाराजगी जताई है। अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) संजय प्रसाद की ओर से सभी पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को पत्र जारी कर सख्त निर्देश दिए गए हैं। अब हर कार्य दिवस में सुबह 9:45 बजे सभी अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से जुड़ेंगे।
UP: निर्देश के अनुसार, प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई/जनता दर्शन चल रहे अपने कार्यालय कक्ष से ही वीसी ज्वाइन करनी होगी। मोबाइल फोन या किसी अन्य स्थान से कनेक्ट होने की अनुमति नहीं है। वीसी लिंक सीयूजी नंबर पर भेजा जाएगा और अधिकारी का पदनाम व जिला नाम डिस्प्ले में दिखना अनिवार्य होगा।
UP: मुख्यमंत्री कार्यालय जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग करेगा और कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर निस्तारण की गुणवत्ता जांचेगा। प्राप्त रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। तहसील दिवस, थाना दिवस जैसे पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को छोड़कर सभी कार्य दिवसों में यह व्यवस्था लागू रहेगी।

