MP News : पंवासा में महिला पेडलर सहित चार तस्कर गिरफ्तार, 55 ग्राम एमडी और गांजा जब्त
MP News : उज्जैन। शहर में नशे के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के तहत क्राइम ब्रांच और पंवासा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान में एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला पेडलर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 55 ग्राम एमडी जब्त की गई है।
MP News : सूचना पर की गई दबिश
बुधवार शाम को सूचना मिली थी कि गरोठ हाईवे रोड पर एमडी ड्रग्स की डील होने वाली है। सूचना के आधार पर क्राइम टीम सक्रिय हुई और संदिग्धों का पीछा किया गया। बाइक पर सवार एक महिला और पुरुष पंवासा मल्टी स्थित एक फ्लैट में पहुंचे, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
MP News : आरोपियों की पहचान
पकड़ी गई महिला की पहचान अलीशा उर्फ शमीम (पति फिरोज खान, निवासी नानाखेड़ा) के रूप में हुई है। उसके साथी जावेद उर्फ खन्ना (पिता एजाज अली, निवासी पीड़ावा, जिला झालावाड़) को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे पंवासा और गांधी नगर क्षेत्र के तस्करों से एमडी खरीदकर शहर में सप्लाई करते थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने ऋतिक (पिता युवराज सौदे, निवासी ए-ब्लॉक) और आदर्श भदौरिया (पिता रविंद्र सिंह, निवासी गांधी नगर, आगर रोड) को भी गिरफ्तार कर लिया है।
MP News : गिरोह का नेटवर्क खंगाला जा रहा
पुलिस का कहना है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला आरोपी एमडी की पुड़िया बेचने का काम करती थी, जबकि जावेद, ऋतिक और आदर्श सप्लाई का नेटवर्क संभालते थे। यह कार्रवाई उज्जैन पुलिस की नशे के खिलाफ सख्ती को दर्शाती है। पुलिस आगे भी ऐसे गिरोहों पर नजर रखे हुए है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

