Share Market: शेयर बाजार में भारी गिरावट, निवेशकों के पांच लाख करोड़ रुपये डूबे, जानिए सेंसेक्स निफ्टी का हाल
Share Market: मुंबई/नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को दिनभर उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बाजार में तेज बिकवाली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। इस गिरावट से निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,092.06 अंक यानी 1.43 प्रतिशत टूटकर 74,775.74 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 भी 359.41 अंक यानी 1.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,547.75 पर बंद हुआ। निफ्टी ने 23,600 और 23,550 जैसे अहम स्तरों के नीचे क्लोजिंग दी, जिससे बाजार में कमजोरी के संकेत मिले।
इस बड़ी गिरावट का असर निवेशकों की संपत्ति पर भी पड़ा। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब पांच लाख करोड़ रुपये घट गया। इसके बाद बीएसई का कुल मार्केट कैप 466 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बाजार में पावर ग्रिड और इंडिगो के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। पावर ग्रिड के शेयर करीब चार प्रतिशत टूट गए, जबकि इंडिगो में तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

