President General Min Aung Hlaing: बोधगया पहुंचे म्यांमार के राष्ट्रपति, महाबोधि मंदिर में की पूजा, कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ राष्ट्रपति का दौरा
President General Min Aung Hlaing: नई दिल्ली: म्यांमार के राष्ट्रपति जनरल मिन आंग ह्लाइंग शनिवार को बिहार के बोधगया पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना कर विश्व शांति, मानव कल्याण और समृद्धि की कामना की। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे बोधगया क्षेत्र में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
गया एयरपोर्ट से महाबोधि मंदिर तक हाई अलर्ट
राष्ट्रपति विशेष विमान से गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां उनका स्वागत राज्यपाल और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया। इसके बाद उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से बोधगया रवाना हुआ। उनके साथ म्यांमार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
बौद्ध परंपरा के अनुसार की पूजा-अर्चना
महाबोधि मंदिर पहुंचकर राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और बौद्ध रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। उनके दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की गतिविधियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी रही।
सुजाता मंदिर और बर्मीज मठ का भी किया भ्रमण
महाबोधि मंदिर में दर्शन के बाद राष्ट्रपति ने सुजाता बाईपास रोड स्थित बर्मीज बौद्ध मठ का दौरा किया। इसके पश्चात उन्होंने बकरौर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर पहुंचकर भी पूजा-अर्चना की। प्रशासन की व्यापक तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। दौरे के बाद राष्ट्रपति अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

