UP Weather : यूपी में बदला मौसम, आंधी-बारिश-ओलों से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त
UP Weather : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी लखनऊ समेत वाराणसी, अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, उन्नाव, हरदोई, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस दौरान अंधड़ ने जगह-जगह पेड़ उखाड़ दिए और बिजली व्यवस्था ठप हो गई, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
UP Weather : डिप्टी CMs वाली फ्लाइट भोपाल डायवर्ट
खराब मौसम का सबसे बड़ा असर एयर ट्रैफिक पर पड़ा। दिल्ली से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को लैंडिंग में तीन बार असफलता का सामना करना पड़ा। आखिरकार फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट कर दिया गया। इस फ्लाइट में उत्तर प्रदेश के दोनों डिप्टी मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सवार थे। दोनों नेता भोपाल पहुंचकर सुरक्षित उतर गए।
UP Weather : बाराबंकी में दिन में रात जैसा अंधेरा
सुबह 9 बजे बाराबंकी में आसमान में अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई। कई जगहों पर ओले भी गिरे। कड़कती बिजली ने लोगों को सहमा दिया। मई के महीने में अचानक आई ठंड ने लोगों को राहत तो दी, लेकिन जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने इन इलाकों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया था। कई जगहों पर बिजली गुल होने और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

