Breaking News
:

MP News : खांसी की दवा समझकर बेटियों ने पी लिया जहर, मां ने भी निगला विष, एक ही परिवार की चार मौतों से गांव में पसरा मातम

MP News

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

MP News : शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक मां और उसकी तीन मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पहले अपनी बेटियों को खांसी की दवा बताकर कीटनाशक पिला दिया और फिर स्वयं भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।


मामला पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवार गांव का है। जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय अनिता सिंह ने अपनी तीन बेटियों अर्पिता (2 वर्ष), कृष्णकुमारी (4 वर्ष) और रितिका (7 वर्ष) को कथित रूप से खांसी की दवा बताकर कीटनाशक पिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी जहर खा लिया।


जहरीला पदार्थ पीने के कुछ समय बाद चारों की हालत बिगड़ने लगी। इस दौरान बड़ी बेटी रितिका किसी तरह घर से बाहर निकली और पड़ोसियों को आवाज लगाकर मदद मांगी। ग्रामीण तत्काल सभी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मां और दो छोटी बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं रितिका ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


घटना के बाद जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, जहर खाने के बाद महिला ने घर में रखे दस्तावेज, कपड़े, तस्वीरें और अनाज तक में आग लगा दी थी। मौके से अल्मोनियम सल्फाइड का पैकेट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, महिला का पति पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। परिवार अलग रह रहा था और आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं बताई जा रही है। हालांकि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।


पपौंध थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मायके पक्ष और परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस ने मृतका के पति को भी घटना की सूचना दे दी है।


एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us