UP News : शादी के 26 दिन बाद उजड़ गई जिंदगी , 13 वर्षीय नवविवाहिता ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत
UP News : झांसी। जिले के कटेरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कचनेव गांव में शादी के महज 26 दिन बाद एक नाबालिग नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार किशोरी की शादी 30 अप्रैल को मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी रसिया केवट से हुई थी। शादी के बाद वह पति के साथ अपने मायके आई हुई थी। सोमवार रात गांव में रामलीला और भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान किशोरी ने कथित रूप से जहरीली दवा खा ली।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद वह दर्द से तड़पते हुए अपनी मां के पास पहुंची और कहा, “मां, मैंने दवाई खा ली”। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे पहले बंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका नाबालिग थी। आधार कार्ड के अनुसार उसकी उम्र करीब 13 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के पति का बयान भी दर्ज किया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

