Breaking News
:

MP Accident : पुलिया में गिरते ही आग का गोला बना कंटेनर, ड्राइवर जिंदा जला

MP Accident

हादसा इतना भयावह था कि चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौके पर मौत हो गई।

MP Accident : गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे-46 पर तेज रफ्तार से दौड़ रहा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया। हादसा इतना भयावह था कि चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौके पर मौत हो गई।


घटना चाचौड़ा थाना क्षेत्र की बीनागंज चौकी के अंतर्गत बीनागंज बाईपास के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर पुलिया से टकराने के बाद नीचे गिरा और कुछ ही पलों में उसमें भीषण आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण चालक को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला।


हादसे में कंटेनर का क्लीनर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान शिवपुरी निवासी मनीष बघेल के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राजस्थान नंबर का यह कंटेनर शिवपुरी से गुना होते हुए ब्यावरा के रास्ते भोपाल की ओर जा रहा था। बीनागंज बाईपास के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।


सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद वाहन के अंदर से चालक का जला हुआ शव बरामद किया गया।


चाचौड़ा-बीनागंज एसडीओपी मनोज कुमार झा ने बताया कि कंटेनर के पुलिया में गिरने के तुरंत बाद आग लग गई थी। चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल क्लीनर का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us