Breaking News
:

UP News : बकरी चरा रही 80 वर्षीय महिला पर हाथी ने किया हमला, पहले पटका, फिर रौंदा, मौके पर दम तोड़ा

UP News

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

UP News : बहराइच। जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के अंतर्गत आने वाले इलाकों में एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष ने विकराल रूप ले लिया। भवानीपुर गांव में एक हाथी ने दोपहर एक वृद्ध महिला पर ऐसा जानलेवा हमला किया कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवानीपुर गांव निवासी 80 वर्षीय कुवरिया सुबह लगभग 11 बजे अपनी बकरियों को लेकर गांव से सटे जंगल के किनारे चारागाह में गई थीं। लेकिन दोपहर करीब 12 बजे झाड़ियों से निकले एक दांत वाले हाथी ने उन्हें अपना निशाना बना लिया। हाथी ने अचानक तेजी से दौड़ लगाकर महिला पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने पहले अपने दांतों से महिला को उठाकर पटका और फिर उसे पैरों से कुचल दिया।


महिला के चीखने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े, लेकिन तब तक हाथी अपना काम कर चुका था। ग्रामीणों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद करीब 40 मिनट तक वह हाथी शव के पास ही खड़ा रहा, जैसे वह अपने शिकार पर कब्जा जमाए बैठा हो। इस दौरान गांव के लोग दूर से ही शोर मचाते रहे। आखिरकार ग्रामीणों के हुड़दंग के बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हाथी पहले भी कई बार गांव के आसपास आकर फसलों को नुकसान पहुंचा चुका है, लेकिन वन विभाग ने इसे पकड़ने या खदेड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल के अंदर खदेड़ा जाए और गांव की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं, अन्यथा वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us