MP News : गेहूं किसानों के लिए खुशखबरी, 1 अप्रैल से शुरू होगी खरीदी, मिलेगा प्रति क्विंटल 40 रुपये बोनस
MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने गेहूं किसानों के लिए राहत भरा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि इस वर्ष गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2,585 प्रति क्विंटल पर की जाएगी। इसके अलावा किसानों को प्रति क्विंटल ₹40 का अतिरिक्त बोनस भी दिया जाएगा। इस तरह किसानों को कुल ₹2,625 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिलेगा।
MP News : 1 अप्रैल से शुरू होगी खरीदी
गेहूं खरीद की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से इंदौर, भोपाल, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में शुरू हो जाएगी। प्रदेश में अब तक 19 लाख से अधिक किसान गेहूं बिक्री के लिए पंजीयन करा चुके हैं। शेष संभागों में दूसरा चरण 7 अप्रैल से शुरू होगा।
MP News : पिछले साल 77 लाख टन गेहूं खरीदा गया
गत वर्ष सरकार ने ₹2,600 प्रति क्विंटल (MSP ₹2,425 + ₹175 बोनस) की दर से नौ लाख से अधिक किसानों से 77 लाख टन गेहूं खरीदा था। इस बार केंद्र सरकार द्वारा MSP बढ़ाए जाने के बाद राज्य सरकार ने ₹40 प्रति क्विंटल बोनस देने का फैसला किया है।
MP News : किसान संघ की मांग
किसान संघ के प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत गौर ने गेहूं की खरीद ₹2,700 प्रति क्विंटल पर करने की मांग रखी है। साथ ही उन्होंने मंडियों में डिजिटल टेस्टिंग मशीन, 10 टन क्षमता के तौल कांटे, बिजली फोरम गठन, सौर ऊर्जा पर 100% अनुदान, कृषि यंत्रों पर जीएसटी कम करने, सभी फसलों पर MSP आधारित खरीद, कैलारस शुगर मिल शुरू करने और श्रीअन्न के भुगतान जैसी कई अन्य मांगें भी रखी हैं।

