Breaking News
:

MP News : जमीन विवाद में विवाहिता को अर्धनग्न कर बाल काटे और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, 11 के खिलाफ जुर्म दर्ज

MP News

हिस्सेदारी मांगने पर कथित अत्याचार, पति-पत्नी से मारपीट

MP News : उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया वेणा में जमीन विवाद को लेकर एक विवाहिता के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के बाल काट दिए, उसके कपड़े फाड़ दिए, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया और उसके पति के साथ भी मारपीट की।


पुलिस के अनुसार घटना 30 जून की सुबह करीब 9 से 9ः30 बजे के बीच हुई। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, वह घर के कमरे में मौजूद थी, तभी कई आरोपी जबरन दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। इसके बाद उसे बाल और हाथ पकड़कर घर से बाहर घसीटा गया।


महिला का आरोप है कि वहां मौजूद तीन महिलाओं की मौजूदगी में उसके सिर के बाल काटे गए, कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न करने की कोशिश की गई और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। विरोध करने पर उसके पति के साथ भी मारपीट की गई और दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई।


हमले में महिला के सिर, आंख, गाल, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि उसके पति को भी चेहरे, सीने और पेट पर गंभीर चोटें लगीं। दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि पीड़िता का पहले इसी गांव में विवाह हुआ था। वर्ष 2023 में उसने पहले पति को छोड़कर गांव के ही एक अन्य युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। विवाह के बाद दोनों इंदौर में रहने लगे। हाल ही में महिला अपने नए ससुराल की पैतृक जमीन में हिस्सेदारी की मांग को लेकर गांव आई थी। इसी विवाद के दौरान यह घटना होने का आरोप लगाया गया है।


झारड़ा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर तीन महिलाओं सहित 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us