CG Crime : 15 साल बाद जेल से लौटे बेटे ने रचा खूनी खेल, संपत्ति विवाद में परिवार के 4 लोगों का किया कत्ल
- Rohit banchhor
- 14 May, 2026
एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
CG Crime : जांजगीर-चांपा। भवंतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस बेटे पर परिवार को संभालने की जिम्मेदारी थी, वही इस खौफनाक हत्याकांड का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोना साय कश्यप ने अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। चारों के शव निर्माणाधीन मकान में खाट पर खून से लथपथ हालत में मिले थे। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। यही विवाद धीरे-धीरे खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी सोना साय कश्यप पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका था। बताया जा रहा है कि उसने अपने बड़े भाई की हत्या की थी और करीब 15 साल जेल में रहने के बाद हाल ही में गांव लौटा था।
गांव लौटने के बाद भी परिवार में विवाद खत्म नहीं हुआ। जमीन बंटवारे को लेकर लगातार तनाव बना रहा और आखिरकार आरोपी ने अपने बेटे के साथ मिलकर पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली।
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ, जब निर्माण कार्य के लिए पहुंचे एक मिस्त्री ने मकान के भीतर शव पड़े देखे। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार संदिग्ध लगा, जिसके बाद हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई और पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद वह आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आया। फिलहाल पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

