Breaking News
:

UP News : नवनिर्माण के 9 वर्ष: इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति से उत्तर प्रदेश बना देश की कनेक्टिविटी का ग्रोथ इंजन

UP News

UP News : लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने पिछले 9 वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सड़क, एक्सप्रेस-वे, रेल, हवाई अड्डे, राष्ट्रीय जलमार्ग और फ्रेट कॉरिडोर जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश और निर्माण कार्यों ने प्रदेश को देश की कनेक्टिविटी का ग्रोथ इंजन बना दिया है।


UP News : सड़क नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार

2017 के बाद से प्रदेश में 63,383 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया गया है। 35,433 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण से गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा गया। प्रतिदिन औसतन 19 किलोमीटर सड़क निर्माण की रफ्तार ने विकास की गति को नई ऊर्जा दी है। साथ ही 1,740 नए पुलों के निर्माण से आवागमन और भी सुगम हुआ है। तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों को बेहतर सड़कों से जोड़ने का कार्य भी पूरा हो चुका है।


UP News : एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में देश का सबसे बड़ा हिस्सा

उत्तर प्रदेश आज देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा संभाल रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट्स ने क्षेत्रीय असमानताओं को कम किया है। गंगा एक्सप्रेस-वे का 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसके शुरू होने से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। विन्ध्य एक्सप्रेस-वे जैसे नए प्रोजेक्ट्स भी विकास को नई दिशा दे रहे हैं।


UP News : हवाई कनेक्टिविटी में उड़ान

प्रदेश में वर्तमान में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें 4 अंतर्राष्ट्रीय हैं। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला राज्य बन जाएगा। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को नया बल मिलेगा।


UP News : रेल, जलमार्ग और फ्रेट कॉरिडोर से लॉजिस्टिक्स को मिला बूस्ट

उत्तर प्रदेश में करीब 16,000 किलोमीटर लंबा रेल नेटवर्क है, जो देश के सबसे बड़े रेल नेटवर्क वाले राज्यों में शामिल है। 11 राष्ट्रीय जलमार्गों का जुड़ाव प्रदेश को लॉजिस्टिक्स हब बना रहा है। वाराणसी में देश का पहला मल्टी-मॉडल टर्मिनल और 100 एकड़ में विकसित फ्रेट विलेज निर्यात और माल ढुलाई के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बन चुके हैं।


UP News : मंत्रियों और सलाहकारों की प्रतिक्रिया

राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव सिंह गौड़ ने कहा, “डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। शानदार सड़क नेटवर्क और तेजी से हो रहा निर्माण आम नागरिकों के जीवन को आसान बना रहा है। यही कारण है कि प्रदेश आज सर्वोत्तम बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।” मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा, “योगी सरकार के 9 वर्ष विकास, विश्वास और सुशासन के प्रतीक हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने नई पहचान बनाई है।


आज प्रदेश निवेश और विकास के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है।” मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है। आज प्रदेश देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के साथ विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी का उदाहरण बन चुका है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट्स ने प्रदेश के हर हिस्से को जोड़ते हुए विकास की नई धारा प्रवाहित की है।” उत्तर प्रदेश अब मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी ने न केवल आम नागरिकों के जीवन को सुगम बनाया है, बल्कि उद्योग, निवेश और रोजगार के नए द्वार भी खोले हैं।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us