MP Crime : बाइक सवार बदमाशों ने नाबालिग पर चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट, शहर में दहशत
MP Crime : जबलपुर। जबलपुर शहर के मदन महल इलाके में देर रात बदमाशों के खूनी हमले से सनसनी फैल गई। 5 बाइक पर सवार 8 से 10 हमलावरों ने एक नाबालिग को घेरकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना शुभम हॉस्पिटल के पास की बताई जा रही है, जहां फिल्मी अंदाज में पहुंचे हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
मृतक की पहचान ऋषभ राजपूत के रूप में हुई है, जो घमापुर थाना क्षेत्र के सिद्धबाब लालमाटी इलाके का निवासी था। हमला इतना बेरहम था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

