CG Crime : दिन में करते थे मकानों की रेकी, रात में उड़ाते थे लाखों के जेवर, पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय चोर गिरोह
- Rohit banchhor
- 14 May, 2026
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1600 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
CG Crime : दुर्ग। सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 13 लाख 12 हजार 800 रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और चोरी में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसीसीयू और वैशाली नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार गश्त और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1600 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी नौशाद ने खुलासा किया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला है और खुर्सीपार स्थित अपने ससुराल में रहकर मालवाहक वाहन चलाने का काम करता था। दिन में वह सूने मकानों की रेकी करता और रात में अपने साथियों के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

आरोपियों ने गुरुनानक नगर, वैशाली नगर, जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदमनगर समेत बालोद जिले के करहीभदर इलाके में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक चोरी के जेवर महिलाओं के जरिए पावर हाउस स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स में गिरवी रखे जाते थे।
मामले में पुलिस ने नौशाद, नगीना, मदीना और ज्वेलरी दुकान संचालक दुर्गेश गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था और लंबे समय से जिले में सक्रिय था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई और वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

