CG Crime : ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, पहचान मिटाने जंगल में जलाया शव
CG Crime : जशपुर। जशपुर नगर के पुराना नगर क्षेत्र अंतर्गत तुरीटोंगरी में मिले अधजले शव की रहस्यमयी गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज ‘अंधे कत्ल’ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतक की पत्नी ने ही अपने बच्चों और एक नाबालिग पड़ोसी की मदद से पति की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की साजिश रची।
पुलिस जांच में सामने आया कि अक्टूबर 2025 में जंगल से मिला अज्ञात अधजला शव महावीर राम भगत का था। डीएनए टेस्ट के जरिए शव की शिनाख्त होने के बाद जब पुलिस ने उसकी पत्नी सुमित्रा भगत से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पत्नी ने बताया कि पति की शराबखोरी और आए दिन की मारपीट से वह लंबे समय से परेशान थी।
घटना के दिन विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर उसने गैंती से हमला कर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराध छिपाने के इरादे से सुमित्रा ने अपनी दो नाबालिग बेटियों और पड़ोस के एक नाबालिग बालक के साथ मिलकर शव को जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया, ताकि पहचान न हो सके। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त छोटी गैंती, पेट्रोल की जरकीन और टॉर्च बरामद कर ली है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में गठित सात सदस्यीय विशेष टीम की सतर्क जांच से यह ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाया जा सका। फिलहाल मुख्य आरोपी सुमित्रा भगत को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

