MP News : निर्माणाधीन मंदिर का गुमंद गिरा, मलबे में दबने से तीन बच्चियों की मौत, सात घायल
- Rohit banchhor
- 09 Feb, 2026
हादसे में प्रसाद ग्रहण कर रहे अन्य पांच लोग, जिसमें माता-पिता और बच्चियां शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हुए।
MP News : मुरैना। कैलारस थाना क्षेत्र के ऐरोली गांव में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब चामड़ माता मंदिर के निर्माणाधीन गुमंद की पटिया टूटने से मलबे में दबकर तीन बच्चियों की मौत हो गई। हादसे में प्रसाद ग्रहण कर रहे अन्य पांच लोग, जिसमें माता-पिता और बच्चियां शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, मुंगावली निवासी सतीश गौड़ अपनी पत्नी और बच्ची के साथ अष्टमी के दिन एरोली स्थित मंदिर में पूजा करने और प्रसाद वितरण के लिए आए थे। इसी दौरान निर्माणाधीन गुमंद का हिस्सा टूटकर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने तुरंत मलबे से मृतक और घायलों को बाहर निकाला और सभी को कैलारस चिकित्सालय पहुंचाया।
मृतक तीनों बच्चियों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घायलों में दो बच्चियां सामान्य हालत में हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल सतीश, उनकी पत्नी और अन्य तीन बच्चियों को बेहतर इलाज के लिए मुरैना से ग्वालियर रेफर किया गया है।
प्रशासन ने कहा कि हादसे की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक पंकज उपाध्याय मौके पर पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के बेहतर इलाज का अनुरोध किया।

